
देहरादून। उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या और उनके पति गिरधारी लाल साहू के बीच विवाद लगातार गहराता जा रहा है। दोनों पक्षों की ओर से सामने आ रहे आरोपों और बयानों के बीच अब वायरल ऑडियो की सत्यता को लेकर भी बहस तेज हो गई है। अस्पताल में भर्ती रेखा आर्या ने मीडिया से बातचीत के दौरान वायरल ऑडियो को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने अपने आराध्य गोल्ज्यू देवता की कसम खाकर दावा किया कि वायरल ऑडियो आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से तैयार नहीं किए गए हैं, बल्कि असली हैं। उनके इस बयान के बाद मामले ने एक बार फिर तूल पकड़ लिया है।
रेखा आर्या ने वायरल ऑडियो को लेकर उठ रहे सवालों पर अपना पक्ष रखते हुए कहा कि ऑडियो को AI से निर्मित बताना सही नहीं है। उन्होंने अपने आराध्य गोल्ज्यू देवता की कसम खाकर इन ऑडियो को असली बताया।
इस मामले में अब सबसे बड़ा सवाल वायरल ऑडियो की प्रामाणिकता को लेकर है।रेखा आर्या ने भले ही इन्हें असली होने का दावा किया है,लेकिन ऑडियो की स्वतंत्र फॉरेंसिक जांच या संबंधित विशेषज्ञों की पुष्टि के बिना इसकी प्रामाणिकता को अंतिम रूप से स्थापित नहीं माना जा सकता।ऐसे में मामले की निष्पक्ष जांच महत्वपूर्ण हो जाती है।
मीडिया से बातचीत के दौरान रेखा आर्या ने अपने पति गिरधारी लाल साहू को लेकर एक और गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि गिरधारी लाल साहू ने अपनी पहली शादी की बात उनसे छिपाई थी। रेखा आर्या के मुताबिक, उन्हें इस बारे में तब पता चला,जब उनके बच्चे हो चुके थे।रेखा आर्या ने हालिया विवाद के बाद गिरधारी लाल साहू पर एक और आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उनसे FIR वापस लेने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। यह आरोप ऐसे समय सामने आया है,जब दोनों के बीच विवाद सार्वजनिक हो चुका है और वायरल ऑडियो को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।




