खबर रोजाना
Trending

पौड़ी ज़िले के एलआईयू इंस्पेक्टर निलंबित,अंकिता भंडारी से जुड़ा है मामला..

पौड़ी।अंकिता भंडारी प्रकरण को लेकर उत्तराखंड में सियासी हलचल के बीच पौड़ी में तैनात स्थानीय अभिसूचना इकाई (एलआईयू) के निरीक्षक एसडी नेगी को निलंबित किए जाने की खबर सामने आई है।हालांकि,निलंबन के पीछे के आधिकारिक कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है,लेकिन इसे अंकिता भंडारी के पिता के दिल्ली पहुंचकर धरने में शामिल होने की घटना से जोड़कर देखा जा रहा है।

चर्चाओं के मुताबिक,हाल ही में अंकिता भंडारी के माता-पिता के दिल्ली में धरने पर बैठने से मामला राष्ट्रीय स्तर पर सुर्खियों में आ गया था।राहुल गांधी के धरनास्थल पर पहुंचने के बाद इस प्रकरण को लेकर राजनीतिक हलचल और तेज हो गई थी।

बताया जा रहा है कि अंकिता भंडारी के पिता पौड़ी मुख्यालय के नजदीक डोभ श्रीकोट गांव में रहते हैं, जबकि उनकी मां और भाई दिल्ली में रहते हैं। चर्चा है कि पिता के दिल्ली रवाना होने और वहां धरने पर बैठने की जानकारी समय रहते संबंधित अभिसूचना इकाई तक नहीं पहुंच पाई।इसी घटनाक्रम को एलआईयू की कार्यप्रणाली में चूक के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि, इस संबंध में विभाग की ओर से आधिकारिक तौर पर विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।

दुष्यंत कुमार गौतम को सिक्किम का राज्यपाल नियुक्त किए जाने के बाद अंकिता भंडारी के पिता ने पौड़ी में इस फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया था।बताया जाता है कि उनके बयान से संबंधित सूचना एलआईयू पौड़ी की ओर से उच्चाधिकारियों तक पहुंचाई गई थी।

इसके बाद पिता के दिल्ली जाने की जानकारी समय रहते नहीं मिल पाने को लेकर विभागीय स्तर पर सवाल उठने की चर्चा है।माना जा रहा है कि इसी घटनाक्रम के बीच एलआईयू निरीक्षक एसडी नेगी के निलंबन की कार्रवाई हुई है।हालांकि,निलंबन आदेश में दर्ज कारणों की आधिकारिक पुष्टि और विभाग का पक्ष सामने आने के बाद ही कार्रवाई की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button