
देहरादून: देहरादून–ऋषिकेश फोर/सिक्स लेन परियोजना को लेकर पिछले कुछ दिनों से पर्यावरण प्रेमियों और स्थानीय लोगों की ओर से उठाई जा रही चिंताओं के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बड़ा निर्णय लिया है।मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि जब तक सभी पक्षों के साथ संतोषजनक सहमति और विश्वास का वातावरण नहीं बन जाता, तब तक परियोजना के अंतर्गत आने वाले पेड़ों की कटाई स्थगित रहेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की महत्वपूर्ण अवसंरचना परियोजना है, जिस पर माननीय उच्च न्यायालय के निर्देशों तथा सभी आवश्यक वैधानिक और पर्यावरणीय स्वीकृतियों का पालन करते हुए कार्यवाही की जा रही थी। उन्होंने बताया कि परियोजना में वन्यजीव संरक्षण के लिए लगभग 3.5 किलोमीटर लंबा हाथी अंडरपास और छोटे वन्यजीवों के आवागमन के लिए विशेष कल्वर्ट का भी प्रावधान किया गया है, जिससे मानव-वन्यजीव संघर्ष और सड़क दुर्घटनाओं में वन्यजीवों की मृत्यु की घटनाओं में कमी लाने में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास आवश्यक है, लेकिन जनभावनाओं, पर्यावरण और स्थानीय हितों की अनदेखी कर कोई निर्णय नहीं लिया जाएगा। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रमुख सचिव और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि सभी हितधारकों,स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और विशेषज्ञों के साथ पुनःविस्तृत संवाद स्थापित किया जाए।
उन्होंने कहा कि सरकार माननीय उच्च न्यायालय के निर्देशों और निर्णय का पूर्ण सम्मान करते हुए आगे की कार्यवाही करेगी। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि विकास और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन बना रहे।
मुख्यमंत्री ने दोहराया कि उत्तराखंड की प्रकृति, जनभावनाएं और प्रदेश का विकास सरकार के लिए समान रूप से महत्वपूर्ण हैं तथा सरकार संवाद,सहमति और व्यापक जनहित के आधार पर ही आगे बढ़ेगी।




