
देहरादून: राजधानी देहरादून के एक निजी स्कूल से एक गंभीर मामला सामने आया है,जहाँ एक नाबालिग छात्रा ने अपने एक शिक्षक पर बैड टच का आरोप लगाया है।छात्रा का आरोप है कि शिकायत के बाद स्कूल प्रबंधन ने कार्रवाई करने की बजाय उसे ही दबाने की कोशिश की।
पीड़ित छात्रा के अनुसार,उसने इसकी जानकारी पहले अपनी माँ को दी थी।जब मामला बढ़ा तो उसकी माँ स्कूल पहुंची।छात्रा का आरोप है कि स्कूल प्रबंधन ने पहले तो शिक्षक को निकालने और बेटी के सुरक्षित होने का आश्वासन दिया,लेकिन अगले ही दिन उसे ऑफिस में बुलाकर सवाल-जवाब किए गए।
छात्रा ने आरोप लगाया कि स्कूल के एक अन्य शिक्षक ने उससे आपत्तिजनक सवाल पूछे और यह कहकर उसकी शिकायत को झूठा बताया कि उसके चेहरे पर लिखा है कि वह झूठ बोल रही है।छात्रा का ये भी कहना है कि उसके समर्थन में कई अन्य छात्राओं ने हस्ताक्षर किए थे,लेकिन प्रबंधन ने उस पर बच्चों पर दबाव बनाकर साइन कराने का आरोप लगा दिया।पीड़ित छात्रा ने मांग की है कि संबंधित शिक्षक उससे और उन सभी लड़कियों से असेंबली में सार्वजनिक रूप से माफी मांगे जिनके साथ ऐसी घटना हुई है।फिलहाल परिजनों ने स्कूल प्रबंधन से लिखित शिकायत की रिसीविंग ली है।




