
देहरादून: राजधानी देहरादून में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है। राजपुर थाना क्षेत्र में नशे के लिए पैसे मांग रहे बेटे ने पैसे नहीं मिलने पर अपने ही पिता की चाकू से हमला कर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक,घटना राजपुर थाना क्षेत्र के डांडा खरौली गांव की है।यहां रहने वाला नितिन अपने पिता मदन राणा और भांजे से नशा करने के लिए पैसों की मांग कर रहा था।आरोप है कि जब परिजनों ने पैसे देने से इनकार कर दिया तो नितिन ने गुस्से में आकर अपने पिता मदन राणा पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए।हमले में मदन राणा गंभीर रूप से घायल हो गए।परिजन उन्हें आनन-फानन में अस्पताल लेकर पहुंचे,जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही राजपुर थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए और परिजनों से पूछताछ की। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी नितिन को गिरफ्तार कर लिया है।नशे की लत के चलते बेटे द्वारा अपने ही पिता की हत्या किए जाने की इस घटना ने एक बार फिर पारिवारिक रिश्तों और नशे की बढ़ती समस्या को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।




