घटनाक्रम
Trending

बिना ID सिम बेचने के मामले में गिरफ्तार आरोपी की जमानत के बाद मौत..

पिथौरागढ़(धारचूला)पिथौरागढ़ के धारचूला में बिना आईडी के सिम बेचने के मामले में एसओजी द्वारा पकड़े गए एक युवक की जमानत मिलने के कुछ ही घंटों बाद संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक का शव गुरुवार देर शाम उसके किराए के कमरे में फंदे से लटका मिला।घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। परिजनों ने मौत को संदिग्ध बताते हुए मामले की निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।

मामलें पर धारचूला से कांग्रेस विधायक हरीश धामी ने फ़ोन पर हुई बातचीत में बताया कि मृतक के परिजनों ने उन्हें घटना की जानकारी दी हैं,वह जल्द ही इस मामलें में SSP से मुलाक़ात कर निष्पक्ष जाँच की माँग करेंगे।

मृतक की पहचान धारचूला क्षेत्र के जुम्मा-शैली गांव निवासी संतोष प्रसाद बगोली के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक करीब दो दिन पहले एसओजी टीम ने संतोष को बिना आईडी कार्ड के सिम बेचने के आरोप में पकड़ा था।पुलिस के अनुसार उसके पास से तीन कथित तौर पर अवैध प्री-एक्टिवेटेड सिम कार्ड और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया था।

फ़ाइल फ़ोटो:मृतक संतोष
फ़ाइल फ़ोटो:मृतक संतोष

इस मामले में संतोष के खिलाफ धारचूला कोतवाली में धारा 318(4) बीएनएस और धारा 42 दूरसंचार अधिनियम 2023 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।बताया जा रहा है कि गुरुवार को संतोष को जमानत मिल गई थी।जमानत मिलने के बाद वह अपने किराए के कमरे में पहुंचा,जहां देर शाम उसका शव फंदे से लटका मिला।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।जानकारी मिलने के बाद परिजन भी मौके पर पहुंचे।परिजनों के मुताबिक पिता के निधन के बाद परिवार के भरण-पोषण की जिम्मेदारी संतोष के कंधों पर थी।परिवार में दो भाई और दो बहनें हैं।संतोष की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

वहीं,घटना को लेकर स्थानीय स्तर पर भी कई तरह की चर्चाएं सामने आ रही हैं।कुछ लोगों ने मामले की जांच को लेकर सवाल उठाए हैं और मुख्य आरोपी तक कार्रवाई नहीं पहुंचने का दावा किया है। हालांकि इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।पुलिस के अनुसार धारचूला के एक दुकानदार से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस पूरे मामले के सभी पहलुओं की जांच में जुटी है।मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।

फिलहाल संतोष की मौत आत्महत्या है या इसके पीछे कोई और वजह है,यह पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button