घटनाक्रम

देहरादून में फिर गोलीकांड,स्कूटी से घर जा रहे भाई बहिन पर फायरिंग,भाई घायल..

देहरादून।राजधानी के बडोवाला क्षेत्र में मंगलवार शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब स्कूटी से अपनी बहिन के साथ घर लौट रहे एक युवक पर बाइक सवार दो बदमाशों ने फायरिंग कर दी।गोली युवक के दाहिनी ओर पेट के नीचे मांस को छूते हुए निकल गई। घायल युवक को तत्काल श्री महंत इंद्रेश अस्पताल में भर्ती कराया गया,जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।पुलिस ने हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है और घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

पुलिस के अनुसार घायल युवक की पहचान सत्यम के रूप में हुई है, जो उज्जीवन बैंक में कार्यरत है।मंगलवार शाम वह अपनी बहन साक्षी चमोली के साथ स्कूटी से घर लौट रहा था।दोनों जैसे ही बडोवाला में डीएसपी चौक के पास पहुंचे,तभी बाइक पर सवार दो युवक उनके करीब आए और सत्यम को निशाना बनाकर गोली चला दी।

अचानक हुई फायरिंग से सत्यम और उसकी बहन घबरा गए।दोनों ने स्कूटी रोककर पास में मौजूद लोगों की ओर दौड़ लगा दी। गोली सत्यम के पेट के नीचे दाहिनी ओर मांस को छूते हुए निकल गई, जिससे वह घायल हो गया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार फायरिंग के बाद हमलावरों ने कुछ दूरी तक उनका पीछा भी किया और दोबारा गोली चलाने का प्रयास किया,लेकिन फायर मिस हो गया।भीड़ जुटने पर दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एसपी सिटी प्रमोद कुमार समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।पुलिस ने आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की और हमलावरों की पहचान के लिए क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी।

प्रारंभिक जांच में फायरिंग की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि हमलावर पहले से सत्यम को जानते थे या किसी अन्य कारण से उसे निशाना बनाया गया।घायल युवक और प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ की जा रही है।

घटना के बाद बडोवाला और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस की सक्रियता बढ़ा दी गई है।आरोपियों की तलाश के लिए विभिन्न स्थानों पर जांच की जा रही है और उनके आने-जाने के संभावित रास्तों की भी पड़ताल की जा रही है।

सीओ सदर अंकित कंडारी, पटेलनगर कोतवाली प्रभारी विनोद गुसाईं, शहर कोतवाल केसी भट्ट, क्लेमेनटाउन थानाध्यक्ष मोहन सिंह तथा एसओजी टीम ने अस्पताल पहुंचकर घायल और प्रत्यक्षदर्शियों से घटना के संबंध में जानकारी जुटाई।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button