नितिन नबीन की टीम में दुष्यंत गौतम की नो इंट्री,उत्तराखंड के इन चार नेताओं को जगह..

नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी ने अपने राष्ट्रीय संगठन में नई जिम्मेदारियों का ऐलान कर दिया है।पार्टी ने उत्तराखंड में प्रदेश प्रभारी रहे दुष्यंत गौतम की छुट्टी कर नई टीम में उत्तराखंड के चार नेताओं को अहम पद दिए गए हैं।पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष,गढ़वाल लोकसभा सीट से सांसद अनिल बलूनी को राष्ट्रीय मीडिया संयोजक,महेंद्र पांडेय को राष्ट्रीय कार्यालय मंत्री और आलोक भट्ट को राष्ट्रीय सोशल मीडिया सह संयोजक बनाया गया है।

उत्तराखंड के नेताओं की संगठन में इन नियुक्तियों को 2027 के उत्तराखंड विधानसभा चुनाव की तैयारी से जोड़कर देखा जा रहा है।पार्टी ने क्षेत्रीय और जातीय संतुलन साधने की कोशिश की है। चार नेताओं में तीन गढ़वाल मंडल से और एक कुमाऊं मंडल से हैं।वहीं जातीय समीकरण देखें तो इनमें एक ठाकुर और तीन ब्राह्मण नेताओं को जिम्मेदारी दी गई है।
इस नई सूची में सबसे ज्यादा चर्चा एक नाम के बाहर होने को लेकर हो रही है।भाजपा ने दुष्यंत गौतम को अपनी नई राष्ट्रीय टीम में जगह नहीं दी है।दुष्यंत गौतम उत्तराखंड भाजपा के प्रदेश प्रभारी भी रह चुके हैं।उनका नाम अंकिता भंडारी हत्याकांड के दौरान उस कथित “वीआईपी” विवाद में सार्वजनिक चर्चाओं में सामने आया था, हालांकि इस मामले में उनके खिलाफ किसी न्यायालय द्वारा दोष सिद्ध नहीं किया गया है और उन्होंने भी आरोपों से इनकार किया था।इस विवाद के चलते भाजपा को राजनीतिक आलोचनाओं का सामना करना पड़ा था।
अब नई संगठनात्मक सूची में दुष्यंत गौतम को कोई जिम्मेदारी नहीं मिलने के बाद राजनीतिक गलियारों में कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। विपक्ष इसे भाजपा की रणनीतिक दूरी बता रहा है, जबकि भाजपा की ओर से इस पर कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की गई है।अब बड़ा सवाल यही है कि क्या भाजपा ने 2027 की चुनावी रणनीति के तहत उत्तराखंड में नए चेहरों और नए समीकरणों पर दांव लगाया है, या फिर यह सिर्फ सामान्य संगठनात्मक बदलाव है? इसका जवाब आने वाले समय में प्रदेश की राजनीति तय करेगी।




