
किश्तवाड़।जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में दो स्पेशल पुलिस ऑफिसर (SPO) जवानों की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बुधवार से लापता चल रहे दोनों जवानों के शव गुरुवार सुबह दुर्गम जंगल क्षेत्र से बरामद हुए।दोनों के शरीर पर गोलियों के निशान मिले हैं। वहीं, उनकी सरकारी सर्विस राइफलें भी घटनास्थल से गायब मिली हैं। इस घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है और आतंकी साजिश की आशंका को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है।
मृतकों की पहचान 57 वर्षीय बाबी चंद और 45 वर्षीय रशपाल कुमार के रूप में हुई है। दोनों जम्मू-कश्मीर पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) से जुड़े थे और किश्तवाड़ के दच्छन क्षेत्र स्थित कियार कैंप में तैनात थे।
जानकारी के अनुसार, बुधवार को दोनों जवान कियार कैंप से मारवाह क्षेत्र के धारना में स्थित सेना की चौकी के लिए रवाना हुए थे। उन्हें वहां तैनात सेना की 17 राष्ट्रीय राइफल्स की टीम को रिलीव करना था। इसके लिए दोनों को अपर रिज देहरना के इंदरवन क्षेत्र स्थित बसनान चौकी पहुंचना था, लेकिन निर्धारित समय तक वे अपने गंतव्य पर नहीं पहुंचे।शुरुआत में दोनों जवानों के मोबाइल फोन पर संपर्क हो रहा था, लेकिन कुछ समय बाद फोन बंद हो गए। इसके बाद पुलिस और सेना ने संयुक्त रूप से उनकी तलाश शुरू की।
बुधवार दोपहर मारवाह के देहरना जंगल क्षेत्र में गोलीबारी की आवाज सुनाई देने की सूचना मिली थी। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने पहाड़ी और घने जंगलों में तलाशी अभियान चलाया। गुरुवार सुबह तलाशी के दौरान दोनों जवानों के शव बरामद किए गए।
मामले में सबसे गंभीर पहलू दोनों जवानों की सरकारी सर्विस राइफल का गायब होना है। शव गोलियों से छलनी हालत में मिले हैं और हथियार घटनास्थल पर नहीं पाए गए।ऐसे में जांच एजेंसियां आतंकियों की संभावित संलिप्तता के पहलू से भी जांच कर रही हैं। हालांकि, अभी तक किसी आतंकी संगठन या हमलावर की भूमिका की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
इसी बीच श्रीनगर से सटे गांदरबल जिले में भी बुधवार रात संदिग्ध आतंकियों की मौजूदगी की सूचना पर सुरक्षाबलों ने तलाशी अभियान चलाया।किश्तवाड़ में दो SPO जवानों की हत्या और गांदरबल में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना के बाद जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा व्यवस्था और सतर्क कर दी गई है।फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां हत्याकांड के पीछे की वजह, हमलावरों की पहचान और गायब हथियारों का पता लगाने में जुटी हैं।


