
नंदानगर/चमोली। चमोली ज़िले के नारायणबगड़ के बाद अब नंदानगर विकासखंड में भी कुत्ते लोगो के ऊपर एकाएक हमलावर हो गए हैं।नंदानगर के वादुक गांव में आवारा एवं संक्रमित बताए जा रहे कुत्तों के हमले से चार बच्चे घायल हो गए।घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।ग्रामीणों के अनुसार क्षेत्र में कुत्तों के हमले के मामले लगातार सामने आ रहे हैं, जिससे बच्चों और ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
बताया जा रहा है कि कुत्तों ने चार बच्चों को अपना निशाना बनाया। बच्चों के घायल होने के बाद ग्रामीणों ने तत्काल उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नंदानगर पहुंचाया,जहां चिकित्सकों द्वारा बच्चों का प्राथमिक उपचार किया गया।
ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से क्षेत्र में बढ़ते आवारा एवं संदिग्ध संक्रमित कुत्तों के आतंक पर तत्काल कार्रवाई करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में कोई गंभीर हादसा हो सकता है।लगातार हो रहे कुत्तों के हमलों को लेकर ग्रामीणों में सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है।




