भ्रष्टाचार

डोईवाला में विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई, उपखंड शिक्षा अधिकारी रिश्वत लेते गिरफ्तार

देहरादून: जिले के डोईवाला क्षेत्र में भ्रष्टाचार के खिलाफ विजिलेंस विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उपखंड शिक्षा अधिकारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी अधिकारी को नेपाली फार्म के पास एक लाख रुपये की घूस लेते समय दबोचा गया।

जानकारी के अनुसार, आरोपी अधिकारी धनवीर सिंह बिष्ट ने ऋषिकेश क्षेत्र के एक निजी स्कूल को बेहतर ग्रेड देने के बदले एक लाख रुपये की रिश्वत की मांग की थी। लगातार दबाव और मांग से परेशान होकर शिकायतकर्ता ने विजिलेंस विभाग से संपर्क किया।

शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस टीम ने मामले की जांच करते हुए जाल बिछाया। तय योजना के तहत जैसे ही आरोपी अधिकारी नेपाली फार्म के पास रिश्वत की रकम ले रहा था, टीम ने मौके पर ही उसे पकड़ लिया और हिरासत में ले लिया।

विजिलेंस विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि कहीं इस मामले में अन्य लोग भी शामिल तो नहीं हैं।

इस कार्रवाई को प्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है। विजिलेंस विभाग ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार के मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button