
देहरादून: नैनीताल ज़िले के ज्योलीकोट क्षेत्र में दूषित पेयजल आपूर्ति के मामले में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर बड़ी कार्रवाई की गई है।नैनीताल जिला प्रशासन की रिपोर्ट के आधार पर अपने दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही बरतने वाले उत्तराखंड जल संस्थान और पेयजल निगम के छह अधिकारियों और इंजीनियरों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि जनता के स्वास्थ्य से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सरकार के लिए जनहित सर्वोपरि है और जनता के हितों की अनदेखी करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों और शीर्ष अधिकारियों को इस संबंध में आवश्यक निर्देश दिए हैं।
निलंबित अधिकारियों में जल संस्थान हल्द्वानी के प्रभारी अधीक्षण अभियंता,नैनीताल जल संस्थान के सहायक अभियंता और अपर सहायक अभियंता तथा पेयजल निगम भीमताल के अधिशासी अभियंता,प्रभारी सहायक अभियंता और कनिष्ठ अभियंता शामिल हैं। वहीं,नैनीताल जल संस्थान के अधिशासी अभियंता को भविष्य में लापरवाही पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
मामले में जनता के स्वास्थ्य से जुड़े होने के कारण मुख्यमंत्री ने शीर्ष अधिकारियों को पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच करने और लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए थे।इसके बाद जिला प्रशासन नैनीताल की रिपोर्ट के आधार पर निलंबन की कार्रवाई की गई।




