
देहरादून।देहरादून के नंदा की चौकी स्थित टोंस नदी पर बने पुल की एप्रोच रोड धंसने के मामले में शासन ने बड़ी कार्रवाई की है। प्रथमदृष्टया लापरवाही और पर्यवेक्षण में शिथिलता पाए जाने पर लोक निर्माण विभाग (PWD) के प्रांतीय खंड देहरादून के अधिशासी अभियंता (EE) राजेश कुमार,सहायक अभियंता (AE) अमित त्यागी और कनिष्ठ अभियंता (JE) नवीन गैरोला को निलंबित कर दिया गया है।

शासन ने लोक निर्माण विभागाध्यक्ष को पुल के डिजाइन कंसल्टेंट के खिलाफ भी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।साथ ही जांच रिपोर्ट में दिए गए सुझावों के आधार पर पुल की सुरक्षा के लिए समयबद्ध कार्ययोजना तैयार कर कार्रवाई करने को कहा गया है।
गौरतलब है कि 28 जुलाई को नंदा की चौकी के पास टोंस नदी पर बने पुल की एप्रोच रोड धंस गई थी,जिसके बाद विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठे थे।मुख्य अभियंता ने 3 अगस्त को अपनी जांच रिपोर्ट शासन को सौंपी थी।जांच रिपोर्ट में सामने आया कि रिवर ट्रेनिंग वर्क (नदी के बहाव को नियंत्रित करने का कार्य) नहीं कराया गया। इसके चलते नदी का बहाव एक ओर मुड़ गया, जिससे कटाव हुआ और पुल की एप्रोच रोड धंस गई।
शासन के आदेश में कहा गया है कि संबंधित अधिकारियों ने तकनीकी निगरानी, गुणवत्ता नियंत्रण, अनुबंधीय शर्तों के पालन और अपने दायित्वों का समुचित निर्वहन नहीं किया।तीनों अधिकारियों के विरुद्ध दीर्घ शास्ति की कार्रवाई भी प्रस्तावित की गई है।




