
रुद्रप्रयाग:
श्री केदारनाथ धाम यात्रा के दौरान रुद्रप्रयाग पुलिस ने एक बार फिर अपनी तत्परता और संवेदनशीलता का परिचय दिया है। धाम परिसर से लापता हुए एक पालतू लेब्राडोर कुत्ते को पुलिस ने कुछ ही घंटों में सकुशल बरामद कर उसके मालिक को सौंप दिया, जिससे तीर्थ पुरोहित के चेहरे पर खुशी लौट आई।
मिली जानकारी के अनुसार, कंट्रोल रूम के माध्यम से चौकी भीमबली पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि केदारनाथ धाम से देवेश शुक्ला का करीब 11 माह का लेब्राडोर नस्ल का कुत्ता कुछ अज्ञात व्यक्तियों द्वारा उठा लिया गया है। सूचना देने वाले ने बताया कि वह स्वयं भी कुत्ते की तलाश में धाम से नीचे की ओर आ रहे हैं।
सूचना मिलते ही चौकी भीमबली प्रभारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल पुलिस टीम को सक्रिय किया। पैदल मार्ग सहित सभी संभावित रास्तों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। पुलिस की मुस्तैदी का नतीजा यह रहा कि कुछ ही समय में उक्त कुत्ता भीमबली क्षेत्र में मिला, जहां वह राहगीरों के पीछे-पीछे आ रहा था। बाद में उसे सुरक्षित रूप से एक दुकान पर बांधकर रखा गया था।
इसके बाद पुलिस ने कुत्ते को सकुशल उसके मालिक तीर्थ पुरोहित अंकुश शुक्ला, निवासी ग्राम रुद्रपुर (गुप्तकाशी) के सुपुर्द कर दिया। अपने पालतू श्वान को वापस पाकर अंकुश शुक्ला ने रुद्रप्रयाग पुलिस की कार्यशैली और तत्परता की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।
पूछताछ में उन्होंने बताया कि उनका पूरा परिवार केदारनाथ धाम यात्रा पर आया हुआ है और घर पर देखभाल करने वाला कोई न होने के कारण वे अपने पालतू श्वान को भी साथ लेकर आए थे।यह घटना एक बार फिर दर्शाती है कि रुद्रप्रयाग पुलिस न केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सजग है, बल्कि आम नागरिकों की सहायता के लिए भी हर समय तत्पर रहती है।




