उत्तराखंड के एक और IPS ने दिया त्यागपत्र,पौड़ी के SSP लोकेश्वर सिंह अब UN में देंगे सेवायें..

देहरादून: उत्तराखंड कैडर के 2014 बैच के आईपीएस अधिकारी और वर्तमान में पौड़ी गढ़वाल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) लोकेश्वर सिंह ने अपने पद से त्यागपत्र दे दिया है। बताया जा रहा है कि उनका चयन प्रतिष्ठित संयुक्त राष्ट्र संगठन (UNO) में हुआ है। UNO की विशेष सुरक्षा इकाई में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने के बाद उन्होंने यह निर्णय लिया।
लोकेश्वर सिंह उत्तराखंड पुलिस के उन अधिकारियों में शुमार हैं जिन्होंने अपने कामकाज से अलग पहचान बनाई।पौड़ी जिले में तैनाती के दौरान उन्होंने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ पुलिस-जन सहयोग को नई दिशा दी।उनकी कार्यशैली और अनुशासनप्रिय रवैया हमेशा चर्चा में रहा।
जानकारी के अनुसार, UNO में चयन के बाद अब लोकेश्वर सिंह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी सेवाएं देंगे। इस उपलब्धि को उत्तराखंड पुलिस के लिए भी एक गौरवपूर्ण क्षण माना जा रहा है।राज्य पुलिस के कई वरिष्ठ अधिकारियों ने लोकेश्वर सिंह को उनकी नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएँ दी हैं। उनका कहना है कि यह उपलब्धि न केवल उनके व्यक्तिगत करियर की सफलता है, बल्कि उत्तराखंड पुलिस की क्षमता और प्रतिभा का भी प्रमाण है।