
देहरादून:25 नवंबर। अंकिता भंडारी हत्याकांड एक बार फिर सुर्खियों में है। इस बार मामला अंकिता की निजी वॉट्सऐप चैट सार्वजनिक करने से जुड़ा है। मुख्य आरोपी पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य और उनके अधिवक्ता अनुज पुंडीर के खिलाफ जीरो एफआईआर दर्ज की गई है।बुधवार शाम करीब सात बजे अंकिता के माता-पिता की शिकायत पर देहरादून के राजपुर थाने में यह कार्रवाई हुई। अब मामले को हरिद्वार पुलिस के पास स्थानांतरित किया जाएगा।
दरअसल,अंकिता के माता-पिता इस मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर बुधवार सुबह से ही गांधी पार्क में धरने पर बैठे थे। उनके साथ सोशल एक्टिविस्ट योगिता भयाना भी मौजूद थीं।परिवार की मांग थी कि अंकिता की निजी बातचीत सार्वजनिक कर उसकी छवि खराब करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाए।
शाम को अंकिता के माता-पिता कांग्रेस नेताओं के साथ पुलिस मुख्यालय पहुंचे और एडीजी कानून एवं व्यवस्था वी. मुरुगेशन से मुलाकात की। इसके बाद राजपुर थाने में जीरो एफआईआर दर्ज की गई। इस धरने को पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और प्रीतम सिंह का भी समर्थन मिला।
15 नवंबर की प्रेस कॉन्फ्रेंस से शुरू हुआ विवाद
पूरा विवाद 15 नवंबर को हरिद्वार में हुई एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद शुरू हुआ था। इसमें पूर्व भाजपा नेता विनोद आर्य ने अपने बेटे पुलकित आर्य का मुकदमा लड़ रहे अधिवक्ता के साथ अंकिता और जम्मू निवासी उसके मित्र पुष्पदीप के बीच हुई कथित वॉट्सऐप बातचीत के चार हजार से अधिक पन्नों का हवाला दिया था।
विनोद आर्य ने दावा किया था कि अंकिता अपने माता-पिता और मित्र के व्यवहार से परेशान थी। उन्होंने अंकिता की मौत को हत्या के बजाय आत्महत्या बताया था। हालांकि, अंकिता के परिवार ने इस पूरे घटनाक्रम पर कड़ी आपत्ति जताते हुए इसे बेटी की छवि खराब करने और चरित्रहनन की कोशिश बताया।
अदालत में भी उठ चुका है निजी चैट का मुद्दा
अंकिता के माता-पिता ने अपनी शिकायत में कहा है कि अंकिता और पुष्पदीप के बीच हुई बातचीत पूरी तरह निजी थी। यह बातचीत व्यक्तिगत विश्वास के आधार पर की गई थी, जिसे सार्वजनिक करने का कोई वैधानिक या न्यायोचित आधार नहीं था।
परिवार के मुताबिक, हत्याकांड की सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष ने इसी निजी बातचीत के आधार पर अंकिता से जुड़े सवाल पूछने की कोशिश की थी, लेकिन अदालत ने उन्हें अप्रासंगिक मानते हुए ऐसे सवालों की अनुमति नहीं दी थी।परिजनों का आरोप है कि इसके बावजूद निजी चैट को सार्वजनिक करना अंकिता की गरिमा और प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने वाला है। इससे परिवार को गहरा मानसिक आघात पहुंचा है।
इससे पहले भी 22 नवंबर की देर रात अंकिता के माता-पिता योगिता भयाना के साथ राजपुर थाने पहुंचे थे और विनोद आर्य के खिलाफ शिकायत दी थी। वहीं, 16 नवंबर को पहाड़ी महासभा ने भी हरिद्वार नगर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। मंगलवार को अंकिता न्याय यात्रा संयुक्त संघर्ष मंच ने डीजीपी को ज्ञापन भेजकर भारतीय न्याय संहिता की धारा 79 के तहत मुकदमा दर्ज करने और आर्य परिवार की संपत्ति जब्त करने की मांग की थी।
कथित VIP की जांच और दुष्यंत गौतम की नियुक्ति रोकने की मांग
निजी चैट विवाद के बीच अंकिता के माता-पिता ने हत्याकांड से जुड़े कथित VIP एंगल पर भी अपनी मांग दोहराई है। परिवार चाहता है कि इस पूरे मामले की सीबीआई जांच हो और कथित VIP की पहचान सार्वजनिक की जाए।साथ ही अंकिता के पिता वीरेंद्र सिंह भंडारी ने जांच सुप्रीम कोर्ट के किसी न्यायाधीश की निगरानी में कराने की मांग भी उठाई है।
इसके अलावा परिवार ने मांग की है कि कथित VIP एंगल की सीबीआई जांच पूरी होने तक दुष्यंत कुमार गौतम की सिक्किम के राज्यपाल पद पर नियुक्ति रोकी जाए। परिवार ने अपने आरोपों के संदर्भ में उनका नाम लिया है। हालांकि, दुष्यंत कुमार गौतम इन आरोपों को खारिज कर चुके हैं और मानहानि की कार्रवाई भी शुरू कर चुके हैं।
फिलहाल,निजी चैट सार्वजनिक करने के मामले में जीरो एफआईआर दर्ज होने के बाद जांच हरिद्वार स्थानांतरित की जाएगी। अब देखना होगा कि इस मामले में पुलिस की जांच किस दिशा में आगे बढ़ती है।




