क्राइम
Trending

अंकिता भंडारी प्रकरण में CBI ने VIP के ख़िलाफ़ दिल्ली में किया केस दर्ज..

देहरादून(03 फ़रवरी 2026)

अंकिता भंडारी हत्याकांड एक बार फिर चर्चा में आ गया हैं।प्रदेश के इस बहुचर्चित मामले में अब केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की स्पेशल क्राइम यूनिट ने दिल्ली में एक अज्ञात वीआईपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।जांच को आगे बढ़ाने के लिए CBI की टीम सोमवार को उत्तराखंड पहुंच चुकी है और दस्तावेज़ी व जमीनी स्तर पर पड़ताल शुरू कर दी गई है।

मामले ने उस समय नया मोड़ लिया जब भाजपा से निष्कासित पूर्व विधायक सुरेश राठौर की कथित पत्नी उर्मिला सनावर ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया।फेसबुक लाइव के माध्यम से किए गए इस दावे में उन्होंने अंकिता हत्याकांड से जुड़े एक प्रभावशाली व्यक्ति का जिक्र किया,जिसे उन्होंने ‘गट्टू’ कहकर संबोधित किया।

वीडियो में उर्मिला सनावर ने एक कथित ऑडियो रिकॉर्डिंग का भी हवाला दिया, जिसमें दावा किया गया कि एक पूर्व जिला पंचायत सदस्य के पास इस पूरे मामले से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां मौजूद हैं। इस बयान के सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों से लेकर आम जनता तक इस केस को लेकर नई बहस छिड़ गई है।

इसी सिलसिले में पर्यावरणविद् अनिल जोशी ने भी उत्तराखंड में अज्ञात वीआईपी के खिलाफ तहरीर देकर FIR दर्ज कराई थी।अब CBI द्वारा नए सिरे से मामला दर्ज किए जाने के बाद जांच एजेंसी ने सभी पहलुओं को खंगालने की प्रक्रिया तेज कर दी है।CBI की इस ताज़ा कार्रवाई के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े उस रहस्यमयी वीआईपी की पहचान और भूमिका को लेकर जल्द ही तस्वीर साफ हो सकेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button