घटनाक्रम

शिक्षा निदेशक पर जानलेवा हमला विधायक उमेश शर्मा काउ और समर्थकों पर आरोप

देहरादून। उत्तराखंड के प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय में उस समय हड़कंप मच गया जब शिक्षा निदेशक अजय नौडियाल पर कथित तौर पर जानलेवा हमला किए जाने की खबर सामने आई। आरोप है कि यह हमला रायपुर विधानसभा सीट से भाजपा विधायक उमेश शर्मा काऊ और उनके समर्थकों द्वारा किया गया। घटना में घायल हुए शिक्षा निदेशक को तत्काल उपचार के लिए देहरादून के कोरोनेशन अस्पताल ले जाया गया, जहां उनके सिर पर टांके लगाए गए। अस्पताल सूत्रों के अनुसार फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।

अजय नौडियाल का कहना है कि घटना एक स्कूल का नाम बदलने को लेकर चल रहे विवाद के दौरान हुई। उनके मुताबिक विधायक की ओर से नाम परिवर्तन को लेकर लगातार दबाव बनाया जा रहा था। इसी मुद्दे पर हुई तीखी बहस के बाद कथित तौर पर मारपीट की घटना सामने आई।

मारपीट के बाद निदेशालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कथित तौर पर कुछ बाहरी लोगों की मौजूदगी भी दिखाई दे रही है। घटना से नाराज़ शिक्षा विभाग के कर्मचारी निदेशालय के बाहर धरने पर बैठ गए हैं और विधायक व उनके समर्थकों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। कर्मचारियों का कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इस पूरे घटनाक्रम ने प्रशासनिक गरिमा, सत्ता के दुरुपयोग और प्रदेश की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है विधायक की ओर से अभी तक इस मामले में आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button