धर्म
Trending

BKTC अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने यूपी के सीएम और राज्यपाल से की यह माँग..

देहरादून/लखनऊ, 28 फरवरी।

श्री बदरीनाथ–केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने शनिवार को लखनऊ में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भेंट कर उन्हें आगामी श्री बदरीनाथ,श्री केदारनाथ सहित चारधाम यात्रा का औपचारिक आमंत्रण दिया तथा पर्यटन एवं तीर्थाटन से जुड़े विषयों पर विस्तृत चर्चा की।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भेंट के दौरान बीकेटीसी अध्यक्ष ने  सीएम योगी को बताया कि उत्तराखंड में चारधाम यात्रा का शुभारंभ 19 अप्रैल से हो रहा है।उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में श्री केदारनाथ धाम का भव्य पुनर्निर्माण पूर्ण हो चुका है,जबकि श्री बदरीनाथ धाम में पुनर्निर्माण कार्य तीव्र गति से प्रगति पर है।इस यात्रा वर्ष में श्री केदारनाथ धाम के कपाट 22 अप्रैल तथा श्री बदरीनाथ धाम के कपाट 23 अप्रैल को श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोले जाएंगे।

भेंट के दौरान बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने उत्तर प्रदेश सरकार को एक पत्र सौंपते हुए समिति की लखनऊ एवं हंसुआ–फतेहपुर स्थित भूमि, भवन एवं बगीचों के विनिमय का प्रस्ताव रखा। पत्र में अनुरोध किया गया कि उक्त संपत्तियों को उत्तर प्रदेश सरकार में समाहित कर, उसके स्थान पर हरिद्वार, देहरादून अथवा ऋषिकेश में उपलब्ध उपयुक्त भूमि बीकेटीसी को प्रदान की जाए। इस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सकारात्मक कार्यवाही का आश्वासन दिया।

बीकेटीसी अध्यक्ष ने बताया कि लखनऊ के अमीनाबाद–गड़बड़झाला क्षेत्र में समिति की लगभग 11,000 वर्गफीट भूमि स्थित है, जिस पर तीन पुराने भवन एवं एक छोटा मंदिर (पूजा गृह) है, जो शहर के व्यावसायिक क्षेत्र के केंद्र में अवस्थित है। इसके अतिरिक्त लखनऊ से लगभग 90 किलोमीटर दूर हंसुआ–फतेहपुर में 51,452 वर्गफीट का एक बगीचा तथा 24,025 वर्गफीट क्षेत्रफल में 43 दुकानें एवं दो गोदाम सहित जीर्ण-शीर्ण एवं खाली भूमि स्थित है। इस प्रकार श्री बदरीनाथ–केदारनाथ मंदिर समिति की कुल 86,477 वर्गफीट भूमि उत्तर प्रदेश में अवस्थित है।

उन्होंने अवगत कराया कि इन संपत्तियों से वर्तमान में समिति को किसी प्रकार की आय प्राप्त नहीं हो रही है,जबकि देखरेख पर निरंतर व्यय हो रहा है।उत्तराखंड राज्य गठन के पश्चात अधिक दूरी के कारण इन संपत्तियों का समुचित संरक्षण संभव नहीं हो पा रहा है, जिससे भू-माफियाओं की नजर इन पर बनी हुई है और इनके खुर्द-बुर्द होने की आशंका बनी रहती है।सीएम योगी ने अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी को माँगों पर सकारात्मक आश्वासन दिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button