उत्तराखंड में गैस सिलेंडर को लेकर अफवाहों का दौर, मुख्यमंत्री ने कहा किसी भी तरह की कमी नहीं

गैरसैंण: अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चल रहे तनाव, खासकर ईरान, इजराइल और अमेरिका के बीच बढ़ते विवाद के बीच दुनिया भर में गैस और पेट्रोलियम उत्पादों को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं। इसका असर भारत के कुछ हिस्सों में भी देखने को मिल रहा है। इसी बीच उत्तराखंड के कई क्षेत्रों से गैस सिलेंडर की किल्लत को लेकर खबरें सामने आई हैं। हालांकि राज्य सरकार ने साफ किया है कि प्रदेश में गैस या पेट्रोलियम पदार्थों की कोई कमी नहीं है। प्रदेश के कई जिलों में गैस एजेंसियों के बाहर घरेलू गैस सिलेंडर लेने के लिए लोगों की लंबी-लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। वहीं कुछ स्थानों पर कमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाई प्रभावित होने की खबरें भी सामने आई हैं। इन खबरों के बाद लोगों में घबराहट का माहौल बन गया है और कई जगहों पर लोग जरूरत से ज्यादा गैस सिलेंडर लेने के लिए एजेंसियों के बाहर पहुंच रहे हैं। इस पूरे मामले पर पुष्कर सिंह धामी ने स्पष्ट किया कि प्रदेश में किसी भी तरह की कमी की स्थिति नहीं है। उन्होंने कहा कि राज्य में पेट्रोलियम पदार्थों का पर्याप्त भंडारण उपलब्ध है और आपूर्ति सामान्य रूप से जारी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि कहीं भी पेट्रोल, डीजल या गैस की कालाबाजारी न होने पाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर कहीं भी पेट्रोलियम पदार्थों की कालाबाजारी या कृत्रिम संकट पैदा करने की कोशिश की जाती है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन को सभी जिलों में सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। संबंधित विभागों की टीमें बाजार की निगरानी कर रही हैं और जरूरत पड़ने पर छापेमारी भी की जा रही है। मुख्यमंत्री ने जनता से अपील करते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय घटनाओं के कारण कई बार बाजार में अफवाहें फैल जाती हैं, लेकिन लोगों को संयम और समझदारी से काम लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और घबराकर गैस या पेट्रोल की अनावश्यक खरीदारी न करें। सरकार के पास पर्याप्त भंडारण है और प्रदेश में आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है। प्रशासन और संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि प्रदेश में गैस और पेट्रोलियम पदार्थों की सप्लाई में किसी भी तरह की बाधा न आने दी जाए, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।



