क्राइम

महिला के निजी फोटो वायरल करने की धमकी देकर 1.5 लाख की मांग, नोएडा से आरोपी गिरफ्तार

कोटद्वार। सोशल मीडिया पर महिला के निजी फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने वाले आरोपी को पौड़ी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी महिला को लगातार फोन कर गाली-गलौज करता था और जान से मारने की धमकी देते हुए 1.5 लाख रुपये की मांग कर रहा था।

जानकारी के अनुसार 7 मार्च 2026 को कोटद्वार निवासी महिला ने कोतवाली कोटद्वार में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में महिला ने बताया कि विनय सैनी नाम का व्यक्ति उन्हें फोन कर लगातार गाली-गलौज कर रहा है और जान से मारने की धमकी दे रहा है। इसके साथ ही आरोपी महिला के निजी फोटो और वीडियो को इंस्टाग्राम पर अपलोड कर वायरल करने की धमकी दे रहा था और उन्हें वायरल न करने के बदले 1.5 लाख रुपये की मांग कर रहा था। शिकायत के आधार पर कोतवाली कोटद्वार में मु0अ0सं0 48/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया।

महिला और बच्चों से जुड़े अपराधों के प्रति वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत मामले में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इसके बाद प्रभारी निरीक्षक कोटद्वार के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर मामले की जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान यह सामने आया कि आरोपी महिला को उसके निजी और अश्लील फोटो सोशल मीडिया पर अपलोड करने की धमकी देकर लगातार ब्लैकमेल कर रहा था। जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर मामले में आईटी एक्ट की धारा 67 भी बढ़ाई गई।

पुलिस टीम ने तकनीकी सर्विलांस और सुरागसी-पतारसी के आधार पर आरोपी विनय सैनी को नोएडा (उत्तर प्रदेश) से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button