राजनाथ सिंह ने CM धामी की सराहना, कहा—‘धाकड़’ ही नहीं अब ‘धुरंधर धामी’

देहरादून। उत्तराखंड सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में राजनाथ सिंह ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की खुलकर सराहना की। उन्होंने धामी को पहले ‘धाकड़’ कहने के बाद अब ‘धुरंधर धामी’ की संज्ञा दी। जनसभा को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री ने कहा, “चुनाव के समय मैंने कहा था कि धामी के नेतृत्व में बीजेपी जीत हासिल करेगी और ऐसा ही हुआ। मैंने पहले कहा था ‘हमारे धामी धाकड़ हैं’, लेकिन अब उन्हें ‘धुरंधर धामी’ कहा जाना चाहिए।”
रक्षा मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड ने कई क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है और राज्य देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हो रहा है। उन्होंने सरकार की नीतियों और कार्यशैली की भी प्रशंसा की। राजनाथ सिंह ने उत्तराखंड को ‘देवभूमि’ बताते हुए कहा कि यह आस्था, संस्कृति और तप की भूमि है। उन्होंने अपने पुराने दिनों को याद करते हुए कहा कि जब उत्तराखंड राज्य का गठन हुआ था, उस समय वे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री पद पर थे।
रक्षा मंत्री ने अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों का जिक्र करते हुए कहा कि वर्तमान समय में दुनिया कई तरह के संकटों से गुजर रही है। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी का मानना है कि युद्ध का समाधान युद्ध नहीं, बल्कि संवाद और कूटनीति से ही संभव है। उन्होंने कहा कि वैश्विक संकट के बावजूद भारत को ऊर्जा और उर्वरक संकट से बचाने में केंद्र सरकार की नीतियों और प्रधानमंत्री की दूरदर्शिता का बड़ा योगदान रहा है। आज अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की बात को गंभीरता से सुना जाता है।
उत्तराखंड सरकार के चार साल पूरे होने के मौके पर दिए गए इस बयान से राज्य की राजनीति में नई हलचल देखी जा रही है। जहां एक ओर भाजपा सरकार अपनी उपलब्धियों को लेकर आत्मविश्वास में नजर आ रही है, वहीं विपक्ष के लिए यह बयान आने वाले समय में चर्चा का विषय बन सकता है।




