
देहरादून: देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र में देर रात लूट की वारदात के बाद पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई।इस दौरान एक बदमाश मारा गया,जबकि थाना प्रभारी समेत दो लोग घायल हुए हैं।एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने मौके पर जाकर घटनाक्रम की जानकारी ली हैं।

पुलिस के अनुसार देर रात कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना मिली कि अज्ञात बदमाशों ने एक व्यक्ति के साथ लूटपाट की है,और उसे गोली मार दी है।सूचना मिलते ही प्रेमनगर थाना प्रभारी नरेश राठौर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे,जहां घायल अवस्था में मिले पीड़ित ने अपना नाम देवराज बताया।घायल देवराज ने पुलिस को बताया कि काले रंग की गुजरात नंबर की कार में सवार बदमाशों ने तमंचे की नोक पर उससे लूटपाट की।बदमाश उसके पास से करीब 2 लाख रुपये,मोबाइल फोन,हिसाब-किताब की डायरी,आईडी और अन्य दस्तावेज लेकर फरार हो गए और उसे गोली मार दी।

घटना के बाद पुलिस ने बदमाशों का पीछा किया।कुछ दूरी पर जंगल की ओर जाती संदिग्ध कार दिखाई दी,जिसे रोकने का प्रयास किया गया।इस दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की,जिसमें एक बदमाश घायल हो गया,जबकि अन्य अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की ओर भाग निकले।
मुठभेड़ के दौरान थाना प्रभारी नरेश राठौर को भी गोली लगी हैं।घायल बदमाश,पीड़ित देवराज और थाना प्रभारी को पहले प्रेमनगर अस्पताल ले जाया गया,जहां से उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया।उपचार के दौरान घायल बदमाश की कोरोनेशन अस्पताल में मृत्यु हो गई। फरार बदमाशों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन जारी है।पूरे जनपद में नाकाबंदी कर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी देहरादून और एसपी सिटी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।




