भारत-चीन सीमा को जोड़ने वाला नीति-मलारी हाईवे भूस्खलन से बंद,नीति घाटी का संपर्क टूटा..

जोशीमठ(चमोली)
चमोली जनपद के जोशीमठ क्षेत्र स्थित भारत-चीन सीमा को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण नीति-मलारी नेशनल हाईवे (NH-107B) भारी भूस्खलन की चपेट में आ गया है।लाता और सालधार के पास दोपहर के समय साफ़ मौसम के बीच पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा और विशाल बोल्डर सड़क पर आ गिरने से हाईवे पूरी तरह बाधित हो गया है।
हाईवे बंद होने से सीमांत नीति घाटी के दो दर्जन से अधिक गांवों का संपर्क जिला मुख्यालय से कट गया है।स्थानीय लोगों और यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।वहीं सीमा क्षेत्र में आवाजाही भी प्रभावित हुई है।
सीमा सड़क संगठन (BRO) की टीमें मार्ग को खोलने के लिए लगातार युद्धस्तर पर जुटी हुई हैं, लेकिन पहाड़ी से लगातार पत्थर गिरने के कारण राहत एवं बहाली कार्य में बाधा आ रही है।सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।




