
देहरादून/हरिद्वार:
केदारनाथ यात्रा से लौटते समय नंदा देवी एक्सप्रेस ट्रेन से रहस्यमयी ढंग से लापता हुई 29 वर्षीय प्रज्ञा सिंह को पुलिस ने बिहार के बेगूसराय से सुरक्षित बरामद कर लिया है।कई दिनों तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद मिली इस सफलता से परिजनों ने राहत की सांस ली है। फिलहाल पुलिस ने प्रज्ञा को अपनी कस्टडी में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार मूल रूप से कानपुर निवासी मनीष अग्रहरि और प्रज्ञा सिंह ने हाल ही में लव मैरिज की थी। दोनों नौकरी के सिलसिले में ग्रेटर नोएडा में रहते हैं। शादी के बाद यह नवविवाहित जोड़ा बाबा केदारनाथ के दर्शन के लिए उत्तराखंड आया था। दर्शन के बाद दोनों ट्रेन से वापस लौट रहे थे।
बताया जा रहा है कि 5 मई की रात दोनों नंदा देवी एक्सप्रेस ट्रेन में सफर कर रहे थे। रात के समय मनीष सो गए थे, लेकिन सुबह उठने पर उनकी पत्नी प्रज्ञा ट्रेन में नहीं मिलीं। अचानक पत्नी के गायब होने से मनीष के होश उड़ गए और उन्होंने तत्काल पुलिस व रेलवे प्रशासन को सूचना दी।
शुरुआती जांच में प्रज्ञा की मोबाइल लोकेशन उत्तराखंड के लक्सर रेलवे ट्रैक के पास मिली थी, जिसके बाद मामला और भी रहस्यमयी हो गया। पति मनीष अग्रहरि ने पुलिस और सरकार से पत्नी को तलाशने की गुहार लगाई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए उत्तराखंड और बिहार पुलिस की कई टीमें जांच में जुट गई थीं।
हालांकि ट्रेन में लगे सीसीटीवी कैमरे बंद होने के कारण जांच में पुलिस को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई राज्यों में तलाश और लगातार सर्च ऑपरेशन के बाद आखिरकार पुलिस ने प्रज्ञा सिंह को बिहार के बेगूसराय से सुरक्षित बरामद कर लिया।
फिलहाल पुलिस महिला से पूछताछ कर रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि वह किन परिस्थितियों में ट्रेन से लापता हुई थीं। मामले की जांच अभी जारी है।




