
देहरादून। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के 17 जुलाई को प्रस्तावित “छात्रों की गूंज” कार्यक्रम की तैयारियों के दौरान देहरादून के बन्नू स्कूल ग्राउंड में बड़ा हादसा हो गया।कार्यक्रम स्थल पर टेंट लगाने के दौरान लोहे का एंगल कांग्रेस नेता अमर मेहता के सिर पर गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
कांग्रेस नेता अमर मेहता की मौत की पुष्टि सीएमआई अस्पताल के न्यूरो सर्जन डा.महेश कुड़ियाल ने की हैं।

हादसे के तुरंत बाद उन्हें उपचार के लिए सीएमआई अस्पताल ले जाया गया,जहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए वेंटिलेटर पर रखा गया। चिकित्सकों की टीम लगातार उनका उपचार कर रही थी, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही सीएमआई अस्पताल में कांग्रेस नेताओं का जमावड़ा लग गया।अस्पताल पहुंचे नेताओं में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल,नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रीतम सिंह सहित पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
अमर मेहता के निधन की खबर से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में शोक की लहर दौड़ गई है।कार्यक्रम स्थल पर तैयारी के दौरान हुए इस हादसे के बाद अब राहुल गांधी के 17 जुलाई को प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस नेताओं के बीच मंथन शुरू हो गया है।सूत्रों के अनुसार, कार्यक्रम को पूर्व निर्धारित समय पर आयोजित किया जाए या उसमें कोई बदलाव किया जाए,इस पर पार्टी के वरिष्ठ नेता विचार-विमर्श कर रहे हैं।हालांकि,इस संबंध में अभी तक कांग्रेस की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
फिलहाल प्रशासन और संबंधित एजेंसियां हादसे के कारणों की जांच में जुटी हैं।कांग्रेस की ओर से भी घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया गया है।




