
गोपेश्वर: चमोली के कर्णप्रयाग और पोखरी क्षेत्र से बड़ी खनिज संभावनाएं सामने आई हैं।भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण यानी GSI की ओर से किए गए अन्वेषण में इन क्षेत्रों में तांबा, सीसा और जस्ता के भंडार मिलने की पुष्टि हुई है।अब इन महत्वपूर्ण खनिज ब्लॉकों को नीलामी प्रक्रिया में शामिल करने की दिशा में जिला प्रशासन ने कवायद तेज कर दी है।
मंगलवार को जिला सभागार गोपेश्वर में जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में खान मंत्रालय,भारत सरकार की महत्वपूर्ण खनिज ब्लॉक नीलामी प्रक्रिया को लेकर समीक्षा बैठक हुई।बैठक में प्रस्तावित खनिज क्षेत्रों की स्थिति,नीलामी प्रक्रिया और स्थानीय स्तर पर जरूरी तैयारियों को लेकर अधिकारियों के साथ चर्चा की गई।
चमोली के जिलाधिकारी गौरव कुमार ने बताया कि खान मंत्रालय ने चमोली जिले के कर्णप्रयाग और पोखरी क्षेत्रों को महत्वपूर्ण खनिज ब्लॉकों के लिए चिन्हित किया है। GSI, राज्य इकाई देहरादून की ओर से किए गए सर्वेक्षण में यहां तांबा, सीसा और जस्ता जैसे खनिजों की मौजूदगी सामने आई है।
खनिज भंडार मिलने की पुष्टि के बाद अब प्रशासन की प्राथमिकता प्रस्तावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण और जरूरी रिपोर्ट तैयार करना है। इसके लिए राजस्व, वन, सिंचाई, भूतत्व एवं खनिकर्म, आपदा प्रबंधन समेत संबंधित विभागों की संयुक्त समिति गठित की गई है। समिति को जल्द स्थलीय निरीक्षण कर अपनी रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।




