चमोली(गोपेश्वर) चमोली ज़िले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चमोली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 1.586 किलोग्राम अवैध चरस के साथ उत्तर प्रदेश के हापुड़ निवासी दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही टोयोटा रुमियन कार को भी सीज कर दिया है।
पुलिस के मुताबिक,पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार के निर्देश पर 22 नवंबर 2026 को थानाध्यक्ष गोपेश्वर नवनीत भंडारी के नेतृत्व में पोखरी बैंड क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था।इसी दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध सफेद रंग की टोयोटा रुमियन कार (UP37 AA 5480) को रोककर तलाशी ली।तलाशी के दौरान कार से 1.586 किलोग्राम चरस बरामद हुई, जिसके बाद वाहन में सवार दोनों व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी अर्जुन सिंह पिछले करीब छह महीने से बद्रीनाथ क्षेत्र में एक आश्रम निर्माण संस्था से जुड़ा था और आश्रम की देखरेख करता था। इसी दौरान उसने स्थानीय लोगों से थोड़ी-थोड़ी मात्रा में चरस खरीदकर एकत्रित की थी। इसके बाद उसने अपने साथी विकास शर्मा को हापुड़ से बुलाया। पुलिस के अनुसार, विकास पहले भी चरस की खेप हापुड़ ले जाकर बेच चुका था।
दोनों आरोपी बद्रीनाथ में कुछ दिन साथ रहे और कपाट बंद होने के बाद 22 नवंबर को कार से हापुड़ के लिए रवाना हुए। बताया जा रहा है कि दोनों मुख्य हाईवे के बजाय चोपता होते हुए लिंक मार्ग से निकलने की फिराक में थे,लेकिन पोखरी बैंड पर पुलिस की चेकिंग के दौरान उनकी योजना नाकाम हो गई।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास शर्मा (35 वर्ष) पुत्र रामकुमार शर्मा और अर्जुन सिंह (40 वर्ष) पुत्र सूरज पाल सिंह, निवासी जिला हापुड़, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ कोतवाली गोपेश्वर में मुकदमा अपराध संख्या 32/2026, धारा 8/20/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।चमोली पुलिस का कहना है कि जनपद में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।




