क्राइम
Trending

सीएम धामी के निर्देशों पर गढ़वाल कमिश्नर की अध्यक्षता में चढ़ावा चोरी की होगी हाईलेबल जांच,

देहरादून:(7 जुलाई)

श्री बदरीनाथ धाम में दान-चढ़ावे में कथित चोरी एवं अनियमितताओं की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर उत्तराखण्ड शासन ने मामले की गहन जांच के लिए तीन सदस्यीय उच्चस्तरीय समिति का गठन किया है। वहीं मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के निजी सचिव प्रमोद नौटियाल को भी निलंबित कर दिया गया है।

पर्यटन सचिव धीराज सिंह गर्ब्याल द्वारा जारी आदेश के अनुसार गठित समिति के अध्यक्ष गढ़वाल मंडल आयुक्त होंगे। समिति में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के प्रबंध निदेशक संदीप तिवारी तथा महानिदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग कार्यालय के निदेशक (वित्त) जगत सिंह चौहान को सदस्य बनाया गया है।

शासन के आदेश में कहा गया है कि समिति श्री बदरीनाथ धाम में प्राप्त होने वाले दान-चढ़ावे से संबंधित कथित अनियमितताओं की विस्तृत जांच करेगी और 15 दिनों के भीतर अपनी जांच आख्या एवं संस्तुतियां शासन को प्रस्तुत करेगी।

जांच के दौरान समिति आवश्यकता पड़ने पर किसी भी अधिकारी, विशेषज्ञ अथवा अन्य संबंधित व्यक्ति का सहयोग और परामर्श प्राप्त कर सकेगी। इसके अतिरिक्त समिति दान-चढ़ावे के प्रबंधन तंत्र को अधिक पारदर्शी, उत्तरदायी एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से आवश्यक सुधारात्मक सुझाव भी शासन को देगी।

धामी सरकार की इस कार्रवाई को धार्मिक संस्थानों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अब सभी की निगाहें समिति की जांच रिपोर्ट और उसके आधार पर होने वाली आगे की कार्रवाई पर टिकी हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button