
झबरेड़ा:
हरिद्वार जनपद की झबरेड़ा विधानसभा के झबरेड़ी खुर्द गांव से एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है,जिसने क्षेत्र की राजनीति में हलचल मचा दी है।वायरल वीडियो में दर्जाप्राप्त राज्यमंत्री एवं झबरेड़ा के पूर्व भाजपा विधायक देशराज कर्णवाल ग्रामीणों के साथ तीखी बहस और धक्का-मुक्की करते दिखाई दे रहे हैं।
देखें वीडियो ://www.facebook.com/share/r/1DdWF2sW6z/?mibextid=wwXIfr
जानकारी के अनुसार झबरेड़ी खुर्द गांव में आयोजित “सरकार आपके द्वार” कार्यक्रम के दौरान अचानक माहौल तनावपूर्ण हो गया। वायरल वीडियो में बड़ी संख्या में ग्रामीण और देशराज कर्णवाल आमने-सामने नजर आ रहे हैं। दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक होती दिखाई दे रही है।
बताया जा रहा है कि विवाद उस समय शुरू हुआ जब गांव में भ्रमण के दौरान किसी बात को लेकर कुछ महिलाओं और ग्रामीणों की मंत्री देशराज कर्णवाल तथा उनकी पत्नी वैजयंती माला से बहस हो गई। देखते ही देखते मामला बढ़ गया और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में यह दावा भी किया जा रहा है कि देशराज कर्णवाल हाथ में ईंट लेकर ग्रामीणों की ओर बढ़ते दिखाई दिए। हालांकि इस पूरे मामले को लेकर अभी तक आधिकारिक रूप से कोई स्पष्ट बयान सामने नहीं आया है।
सूत्रों के मुताबिक मामले में तहरीर देने की तैयारी भी की जा रही है। फिलहाल वायरल वीडियो के बाद झबरेड़ा क्षेत्र में राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं और सोशल मीडिया पर लोग लगातार अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।




