Uncategorized
Trending

ट्रस्ट का फैसला:मनसा देवी में पुजारियों के कुर्तों पर नहीं होगी जेब..

हरिद्वार।अयोध्या और बद्रीनाथ धाम में चढ़ावा चोरी को लेकर उठे विवाद के बाद हरिद्वार स्थित मनसा देवी मंदिर में दान व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनाने के लिए श्री मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट ने कई महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं।अब मंदिर में सेवा देने वाले पुजारी बिना जेब वाले कुर्ते पहनेंगे, ताकि दान या नकदी को जेब में रखने की कोई संभावना न रहे। इसके साथ ही मंदिर परिसर में दान व्यवस्था की निगरानी के लिए विशेष समिति का गठन किया गया है और सीसीटीवी कैमरों की निगरानी भी बढ़ा दी गई है।

मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज ने सभी पुजारियों को पारदर्शिता बनाए रखने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की आस्था सर्वोपरि है और दान से जुड़ी व्यवस्था पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और विश्वसनीय होनी चाहिए।

ट्रस्ट के अनुसार, मंदिर में आने वाले चढ़ावे और दान की व्यवस्था को लेकर समय-समय पर समीक्षा की जा रही है। इसी क्रम में पुजारियों के लिए बिना जेब वाले कुर्ते पहनना अनिवार्य किया गया है। इसके अलावा दान पेटियों, गर्भगृह और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर निगरानी व्यवस्था को और मजबूत किया गया है।

मंदिर प्रशासन का कहना है कि इन कदमों का उद्देश्य किसी व्यक्ति विशेष पर संदेह करना नहीं, बल्कि श्रद्धालुओं के विश्वास को और मजबूत करना तथा दान व्यवस्था में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित करना है। ट्रस्ट ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक सुधार किए जाते रहेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button