पिथौरागढ़: उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले से एक बेहद संवेदनशील मामला सामने आया है। यहां एक विवाहिता महिला और नाबालिग किशोरी के बीच प्रेम संबंध होने की बात सामने आने के बाद परिवार और प्रशासन में हड़कंप मच गया। दोनों कथित तौर पर साथ रहने की जिद पर अड़ी रहीं और बाद में काली नदी में छलांग लगाने की कोशिश भी की, लेकिन समय रहते पुलिस और परिजनों ने उन्हें बचा लिया।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को 28 वर्षीय विवाहिता झूलाघाट कोतवाली पहुंची और एक नाबालिग किशोरी को बुलाने की मांग की। पुलिस ने किशोरी और उसके परिजनों को थाने बुलाकर पूछताछ की। बातचीत के दौरान दोनों के बीच भावनात्मक और प्रेम संबंध होने की जानकारी सामने आई।
बताया जा रहा है कि दोनों ने एक-दूसरे के साथ रहने की इच्छा जताई। यह सुनकर परिजन और पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए। काफी देर तक समझाने के बावजूद दोनों अपने फैसले पर कायम रहीं।इसी बीच कोतवाली से बाहर निकलने के बाद दोनों घर जाने के बजाय नेपाल सीमा से सटे काली नदी क्षेत्र की ओर चली गईं। परिजनों को शक हुआ कि वे कोई बड़ा कदम उठा सकती हैं, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस और परिवार के सदस्य तत्काल मौके पर पहुंचे। बताया जा रहा है कि दोनों नदी में कूदने की कोशिश कर रही थीं, लेकिन समय रहते उन्हें रोक लिया गया। रेस्क्यू के दौरान भी दोनों एक-दूसरे के साथ रहने की बात दोहराती रहीं।
पुलिस के मुताबिक, विवाहिता मूल रूप से झूलाघाट क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली है और वर्तमान में पिथौरागढ़ शहर में किराये के मकान में रहती है। महिला की छह साल की बेटी है, जबकि उसका पति दिल्ली में निजी नौकरी करता है। दूसरी ओर किशोरी नाबालिग है और फिलहाल पढ़ाई कर रही है।बताया जा रहा है कि रिश्तेदारी के जरिए दोनों की पहचान हुई थी। बाद में संपर्क बढ़ने के साथ दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गईं।
मामले को संवेदनशील मानते हुए प्रशासन ने कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। विवाहिता को एसडीएम कोर्ट में पेश किया गया, जबकि किशोरी को बाल कल्याण समिति (CWC) की निगरानी में भेजा गया है। फिलहाल दोनों महिला पुलिसकर्मियों की देखरेख में हैं।




