4.50 ग्राम स्मैक के साथ युवक गिरफ्तार, पुलिस की चेकिंग में दबोचा

कीर्तिनगर। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कीर्तिनगर पुलिस ने एक युवक को 4.50 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान आरोपी को पकड़कर उसके कब्जे से स्मैक बरामद की। पुलिस के अनुसार उत्तराखण्ड सरकार के “नशामुक्त उत्तराखण्ड” अभियान के तहत जिले में मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल आयुष अग्रवाल के निर्देश पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस ने बताया कि 13 मार्च 2026 को अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी ऑप्स/नरेन्द्रनगर के पर्यवेक्षण में थाना कीर्तिनगर पुलिस द्वारा चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान चौकी मलेथा क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों की तलाशी ली जा रही थी। चेकिंग के दौरान पुलिस को एक युवक संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 4.50 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को मौके से शाम करीब 4:35 बजे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रविन्द्र सिंह (33 वर्ष) पुत्र विजय सिंह, निवासी निकट भारद्वाल एकेडमी उफल्डा श्रीनगर, जनपद पौड़ी गढ़वाल के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मु.अ.सं. 10/2026 के तहत धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक संजय मिश्रा, उपनिरीक्षक आशीष रावत, अपर उपनिरीक्षक दीपेन्द्र रावत, हेड कांस्टेबल प्रदीप और कांस्टेबल प्रवेश पालीवाल शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि जनपद में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।




