
देहरादून/बद्रीनाथ
बद्रीनाथ धाम में चढ़ावा चोरी के चर्चित प्रकरण में चमोली पुलिस की विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी एवं बदरी-केदार मंदिर समिति (बीकेटीसी) में निजी सचिव के पद पर तैनात प्रमोद नौटियाल को देहरादून स्थित उनके आवास से गिरफ्तार कर लिया है।गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीम सादी वर्दी में पहुंची थी।गिरफ्तारी के बाद आरोपी को चमोली लाया गया,जहां उससे मामले के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जा रही है।
सूत्रों के अनुसार,प्रमोद नौटियाल ने गिरफ्तारी से राहत पाने के लिए नैनीताल उच्च न्यायालय में अग्रिम जमानत याचिका दायर की थी। इस याचिका पर BKTC से कोर्ट ने जबाब माँगा था और 16 जुलाई को न्यायमूर्ति आलोक मेहरा की अदालत में सुनवाई प्रस्तावित थी।हालांकि,सुनवाई से पूर्व ही एसआईटी ने कार्रवाई करते हुए उन्हें हिरासत में ले लिया।
चमोली के पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि नौटियाल को रविवार देर रात उनके देहरादून स्थित आवास से गिरफ्तार किया गया।इसके पश्चात उन्हें चमोली लाया गया और अब बद्रीनाथ धाम में BKTC के कार्यालय में के जाकर प्रकरण से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर पूछताछ की जा रही है।जांच टीम दस्तावेजों,अभिलेखों तथा अन्य साक्ष्यों का परीक्षण कर रही है।पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष और गहन जांच जारी है तथा जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।नियमानुसार आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।




