
नंदानगर/चमोली। मां नंदा देवी बड़ी जात यात्रा से वापस लौट रहे 31 वर्षीय सुरेन्द्र सिंह नेगी के साथ तातड़ा ध्यौसिंह मंदिर क्षेत्र में मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है।पीड़ित के अनुसार, वह चार लोगों के साथ होमकुंड से बड़ी जात यात्रा पूरी कर वापस लौट रहे थे।इसी दौरान सुतोल गाँव के पास तातड़ा ध्यौसिंह पहुंचने पर कुछ लोगों ने उन्हें रोककर उनका नाम और पता पूछा,जिसके बाद उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।
पुलिस से मिली जानकरी के मुताबिक कैलुवा विनायक में हुई मारपीट मामलें में मुक़दमा दर्ज किया जा चुका है,फिलहाल सुतोल गाँव में हुई मारपीट मामले में अभी तहरीर नहीं आई है,कारणों का पता किया जा रहा है।
सुरेन्द्र सिंह नेगी का आरोप है कि बातचीत के दौरान अचानक उनके साथ मारपीट शुरू कर दी गई।उन्हें संभलने का मौका भी नहीं मिला और उनकी आंख पर हमला किया गया,जिससे उनकी आंख में चोट आई और देखने में परेशानी होने लगी।पीड़ित ने आरोप लगाया कि उन्हें रातभर बंधक बनाकर रखा गया तथा उनका मोबाइल फोन भी छीन लिया गया।सुरेन्द्र सिंह के अनुसार,वह चार लोगों के साथ यात्रा से लौट रहे थे,लेकिन उनके साथ यह अप्रिय घटना हुई।
पीड़ित का कहना है कि पुलिस प्रशासन के सुतोल पहुंचने की सूचना मिलने के बाद उन्हें छोड़ा गया।आरोप है कि इसके बाद उन्हें जंगल के रास्ते वापस जाने के लिए कहा गया और दोबारा हमला किए जाने की चेतावनी दी गई।इसके बाद सुरेन्द्र सिंह नेगी किसी तरह सड़क तक पहुंचे और नंदानगर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे,जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया।आंख में चोट के चलते चिकित्सकों ने उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया।
घटना के बाद मामले को लेकर पुलिस प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है।मारपीट के आरोपों, बंधक बनाए जाने और घटना के अन्य पहलुओं की जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।




