गंगा में डूबते पर्यटक की राफ्टिंग गाइड ने बचाई जान, हेलमेट कैमरे में कैद हुआ रेस्क्यू

ऋषिकेश : ऋषिकेश के मुनिकीरेती थाना क्षेत्र अंतर्गत इको टूरिज्म जोन के युसूफ बीच पर बड़ा हादसा होते-होते टल गया। गंगा में नहाने के दौरान गुड़गांव का एक पर्यटक अचानक गहरे पानी में डूब गया और बेहोश हो गया। मौके पर मौजूद राफ्टिंग गाइडों के ट्रेनर विपिन शर्मा और उनकी टीम ने तत्परता दिखाते हुए पर्यटक की जान बचा ली। पूरी घटना राफ्टिंग गाइड के हेलमेट में लगे कैमरे में कैद हो गई।
जानकारी के अनुसार, गुड़गांव निवासी युवक अपने दोस्तों के साथ घूमने के लिए शिवपुरी पहुंचा था। सभी दोस्त युसूफ बीच पर गंगा स्नान के लिए उतरे थे। इसी दौरान युवक का पैर फिसल गया और वह तेज बहाव में डूबने लगा। साथी पर्यटकों ने शोर मचाकर मदद की गुहार लगाई।
मौके पर गाइडों को ट्रेनिंग दे रहे ट्रेनर विपिन शर्मा तुरंत हरकत में आए। एक राफ्टिंग गाइड ने बिना देर किए गंगा में छलांग लगाई, जबकि विपिन शर्मा ने रस्सी फेंककर बेहोश हो चुके पर्यटक को किसी तरह बाहर निकालने में मदद की। कुछ ही देर में अन्य गाइड भी मौके पर पहुंच गए। सभी ने मिलकर पर्यटक को गंगा तट पर लाकर सीपीआर दिया, जिससे उसकी सांसें वापस लौटीं और उसकी जान बच गई।
घटना के दौरान पर्यटक के साथी भावुक होकर रोते हुए भी दिखाई दिए। जान बचने के बाद सभी ने राफ्टिंग गाइडों और ट्रेनर विपिन शर्मा का आभार व्यक्त किया। विपिन शर्मा ने बताया कि प्राथमिक उपचार के बाद पर्यटक को 108 आपातकालीन एंबुलेंस से ऋषिकेश अस्पताल भेजा गया है, जहां उसकी हालत अब स्थिर बताई जा रही है।
चेतावनी के बावजूद गंगा स्नान, बढ़ता खतरा
बताया जा रहा है कि प्रशासन द्वारा लगातार चेतावनी दिए जाने के बावजूद पर्यटक गंगा में नहाने उतर जाते हैं। नदी की गहराई और तेज बहाव का सही अंदाजा न होने के कारण आए दिन डूबने की घटनाएं सामने आ रही हैं। पूर्व में भी कई पर्यटक गंगा में स्नान के दौरान अपनी जान गंवा चुके हैं।
विकासनगर में भी डूबने से गई जान
इसी तरह का एक दुखद हादसा बीते दिनों देहरादून जनपद के विकासनगर क्षेत्र में सामने आया। यहां एक ई-रिक्शा चालक शक्ति नहर में डूब गया। सूचना मिलने पर पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाया। कड़ी मशक्कत और लंबी तलाश के बाद युवक का शव बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार, ई-रिक्शा चालक शाम के समय नहर से पानी लेने गया था। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह सीधे शक्ति नहर में गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
प्रशासन की अपील
प्रशासन ने एक बार फिर पर्यटकों और स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे गंगा और नहरों में उतरते समय अत्यधिक सावधानी बरतें और चेतावनी बोर्डों का पालन करें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।



