
गोपेश्वर।वर्षों से लंबित मांगों के निराकरण नहीं होने से नाराज कलेक्ट्रेट मिनिस्टीरियल कर्मचारियों ने सोमवार को काली फीती बांधकर सांकेतिक विरोध दर्ज कराया।उत्तराखंड कलेक्ट्रेट मिनिस्टीरियल कर्मचारी संघ के प्रांतीय आह्वान पर चमोली जिले के गोपेश्वर स्थित जिला कार्यालय परिसर के साथ ही जिले की सभी तहसीलों में कर्मचारियों ने विरोध प्रदर्शन किया।संघ ने मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी है।
जिला कार्यकारिणी चमोली के अध्यक्ष राकेश सिंह नेगी और जिला मंत्री गिरिजा प्रसाद कोटियाल के नेतृत्व में कर्मचारियों ने बांह पर काली फीती बांधकर शासकीय कार्यों का संपादन किया।चमोली, ज्योतिर्मठ,कर्णप्रयाग,गैरसैंण,थराली,पोखरी,आदिबद्री और नंदानगर तहसीलों के कर्मचारियों ने भी सांकेतिक विरोध में भाग लिया।
संघ पदाधिकारियों ने कहा कि कलेक्ट्रेट मिनिस्टीरियल संवर्ग की कई महत्वपूर्ण मांगें लंबे समय से शासन स्तर पर लंबित हैं।इन पर सकारात्मक निर्णय नहीं होने से कर्मचारियों में आक्रोश है।संघ ने वर्ष 2005 से लंबित कलेक्ट्रेट ढांचे के पुनर्गठन की प्रक्रिया का निस्तारण करने और कलेक्ट्रेट को विशिष्ट कार्यालय या विभाग का दर्जा देने की मांग उठाई।
कर्मचारियों ने कनिष्ठ सहायक की शैक्षिक योग्यता इंटरमीडिएट से बढ़ाकर स्नातक करने के साथ ही विभिन्न पदों के ग्रेड पे में संशोधन की मांग की। इसके अलावा मुख्य प्रशासनिक अधिकारी को तहसीलदार का लिंक अधिकारी घोषित करने, नायब तहसीलदार के पदों पर पदोन्नति के लिए कलेक्ट्रेट संवर्ग से 10 प्रतिशत कोटा निर्धारित करने और वरिष्ठ एवं मुख्य प्रशासनिक अधिकारियों के रिक्त पदों पर समयबद्ध पदोन्नति की मांग भी उठाई। संघ ने पारस्परिक और निजी अनुरोध के आधार पर लंबित स्थानांतरण प्रार्थना पत्रों का शीघ्र निस्तारण करने की मांग की।
संघ ने आंदोलन के अगले चरण की घोषणा करते हुए कहा कि 14 अक्टूबर तक कर्मचारी काली फीती बांधकर काम करेंगे। इसके बाद 17 अक्टूबर को कलेक्ट्रेट मुख्यालय पर एक दिवसीय धरना दिया जाएगा और पूर्ण कार्य बहिष्कार किया जाएगा। इस दौरान जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर मांगों के निराकरण की मांग की जाएगी।
संघ पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। विरोध प्रदर्शन में जिला अध्यक्ष राकेश सिंह नेगी, जिला मंत्री गिरिजा प्रसाद कोटियाल, कनिष्ठ उपाध्यक्ष संतोष सिंह रावत सहित अबल सिंह बिष्ट, अबल सिंह खत्री, जितेंद्र राजपूत, दिनेश चंद्र खंडूड़ी, मेराज सादिक, प्रियंका बरमोला, उषा, अपूर्वा और संघ के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य शामिल रहे।




