
रुद्रपुर।ऊधमसिंहनगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने पुलिस कार्यप्रणाली में लापरवाही पर सख्त रुख अपनाते हुए आईटीआई कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विक्रम राठौड़ तथा पैगा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक जसविंदर सिंह को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया है।
एसएसपी अजय गणपति ने स्पष्ट किया है कि जनपद में पुलिस कार्यों में लापरवाही, पीड़ितों के प्रति असंवेदनशीलता और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों की अवहेलना किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
एसएसपी द्वारा अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों के कार्यों की समीक्षा के दौरान पाया गया कि आईटीआई कोतवाली में पंजीकृत विवेचनाओं के पर्यवेक्षण में अपेक्षित गंभीरता नहीं बरती जा रही थी। साथ ही पीड़ितों की शिकायतों के निस्तारण में अनावश्यक विलंब और उच्चाधिकारियों के निर्देशों के अनुपालन में शिथिलता सामने आई। इसे दायित्वों के निर्वहन में उदासीनता मानते हुए प्रभारी निरीक्षक विक्रम राठौड़ के विरुद्ध कार्रवाई की गई।
इसी प्रकार पैगा चौकी प्रभारी जसविंदर सिंह के विरुद्ध भी पीड़ितों की शिकायतों की सुनवाई एवं निस्तारण में देरी तथा कर्तव्यों के प्रति लापरवाही पाए जाने पर उन्हें भी लाइन हाजिर किया गया।




