
देहरादून(15 जून) उत्तराखंड की राजनीति से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। भाजपा के पूर्व विधायक सुरेश राठौर को डालनवाला थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उन्हें हरिद्वार जिले के बुग्गावाला क्षेत्र से हिरासत में लेने के बाद गिरफ्तार किया।
देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रमेन्द्र सिंह डोभाल ने गिरफ्तारी की पुष्टि की है।पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े कथित ऑडियो-वीडियो और नेताओं के नाम सार्वजनिक करने के मामले में की गई है।
पुलिस का कहना है कि सुरेश राठौर और उर्मिला सनावर के खिलाफ राज्य के विभिन्न थानों में पहले से मुकदमे दर्ज हैं।आरोप है कि दोनों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर ऐसे ऑडियो और वीडियो प्रसारित किए,जिनमें भाजपा नेताओं के संबंध में आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं और उनकी छवि धूमिल करने वाली सामग्री साझा की गई।
पुलिस के अनुसार मामले की जांच के आधार पर कार्रवाई की गई है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है और प्रकरण से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है।वहीं,इस गिरफ्तारी के बाद प्रदेश की राजनीति में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।पुलिस का कहना है कि मामले में विधिक कार्रवाई नियमानुसार आगे बढ़ाई जा रही है।




