क्राइम
Trending

उधमसिंह नगर में पिता की शर्मनाक करतूत,बेटी से दुष्कर्म का प्रयास..

उधमसिंहनगर: उत्तराखंड में ऊधमसिंहनगर के जिला मुख्यालय रुद्रपुर में रिश्तों को शर्मसार करने वाली गंभीर घटना सामने आई है।एक महिला ने अपने पति पर अपनी ही 10 वर्षीय नाबालिग पुत्री के साथ दुष्कर्म का प्रयास करने का गंभीर आरोप लगाया है।महिला का आरोप है कि घटना के समय आरोपी शराब के नशे में था।पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।जांच पूरी होने के बाद आरोपी के खिलाफ पॉक्सो अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस के अनुसार,पीड़ित महिला ने अपनी शिकायत में बताया कि रविवार देर रात करीब एक बजे वह अपने तीन वर्षीय पुत्र के साथ एक चारपाई पर सो रही थी,जबकि उसकी 10 वर्षीय पुत्री पास में दूसरी चारपाई पर सोई हुई थी।इसी दौरान उसका पति शराब के नशे में घर पहुंचा और पुत्री के पास जाकर लेट गया।

महिला ने बताया कि कुछ देर बाद उसकी पुत्री अचानक घबराकर चिल्लाने लगी।उसे लगा कि बच्ची शायद कोई बुरा सपना देखकर डर गई है।उसने बच्ची को शांत कराया और दोबारा सुलाने के बाद कमरे की लाइट बंद कर दी,लेकिन कुछ ही देर बाद बच्ची फिर से असहज होकर हरकत करने लगी।इस बार महिला को संदेह हुआ तो उसने तुरंत कमरे की लाइट जलाई।महिला ने देखा कि उसका पति अपनी ही पुत्री के साथ दुष्कर्म का प्रयास कर रहा था।यह देखकर वह स्तब्ध रह गई।उसने तत्काल बच्ची को आरोपी के चंगुल से छुड़ाया और पति का विरोध किया।

आरोप है कि विरोध करने पर आरोपी ने महिला के साथ मारपीट की और धमकी दी कि यदि उसने इस घटना की जानकारी किसी को दी या पुलिस में शिकायत की तो वह उसे जान से मार देगा।घटना के बाद महिला ने हिम्मत जुटाई और अपनी पुत्री के साथ पुलिस के पास पहुंचकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी।उसने आरोपी पति के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए लिखित तहरीर सौंपी।

मामले की जांच कर रहीं एएसआई विनीता नेगी ने बताया कि महिला की शिकायत प्राप्त हो गई है।पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। बच्ची और परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।अन्य आवश्यक साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं।जांच पूरी होने और आरोपों की पुष्टि होने पर आरोपी पिता के खिलाफ पॉक्सो अधिनियम एवं अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button