चमोली में ल्वाणी के पास दर्दनाक सड़क हादसा:एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत,तीन घायल

देवाल(चमोली)
चमोली जनपद के देवाल विकासखंड अंतर्गत ल्वाणी क्षेत्र के पास शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौके पर मौत हो गई,जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, DDRF और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
जानकारी के अनुसार शनिवार की सुबह देवाल चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक संदीप देवरानी ने थानाध्यक्ष थराली को सूचना दी कि ग्राम ल्वाणी के जंगल क्षेत्र में एक वाहन सड़क से करीब 400 से 500 मीटर गहरी खाई में गिर गया है। सूचना मिलते ही पुलिस बल तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुआ। वहीं उपजिलाधिकारी थराली को भी मामले की जानकारी देकर DDRF टीम को मौके पर भेजा गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि ग्राम बाँक,लोहाजंग निवासी बलबीर सिंह अपने पारिवारिक सदस्य स्वर्गीय भजन सिंह का पार्थिव शरीर देहरादून से गांव ला रहे थे।इसी दौरान बलबीर सिंह अपने परिजनों के साथ वाहन संख्या UK07D-2979 (ईको वैन) से देहरादून से ग्राम बाँक लौट रहे थे।बताया जा रहा है कि चालक को रास्ते में संभवतः नींद की झपकी आने से वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा।
हादसे में बलबीर सिंह (52 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय नारायण सिंह, उनकी पत्नी शांति देवी (48 वर्ष) तथा पुत्र आंशु बिष्ट (18 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई।वहीं कविता देवी (32 वर्ष), मयंक सिंह (8 वर्ष) और रोशनी (18 वर्ष) घायल हो गए।घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल भेजा गया है,जहां उनका इलाज जारी है।
दुर्घटना की सूचना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए मृतकों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की है।पुलिस और प्रशासन ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव कार्य पूरा कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।




