देहरादून में घर के अंदर चल रही थी वेश्यावृत्ति,3 आरोपी गिरफ्तार

देहरादून। राजधानी देहरादून में पुलिस ने अनैतिक देह व्यापार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बिंदाल क्षेत्र में संचालित एक संगठित रैकेट का भंडाफोड़ किया है। देहरादून पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर इस धंधे में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन पीड़ित महिलाओं को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थान पर भेजा गया है।
पुलिस को यह सफलता उस समय मिली जब वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को गोपनीय सूचना प्राप्त हुई कि बिंदाल क्षेत्र में एक घर में देह व्यापार कराया जा रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी मसूरी के नेतृत्व में एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) और कैंट थाना पुलिस की संयुक्त टीम का गठन किया गया। संयुक्त टीम ने 16 मार्च की रात गांधी नगर स्थित रघुनाथ मंदिर के पास एक मकान में अचानक छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान घर के अंदर तीन महिलाएं और दो पुरुष आपत्तिजनक स्थिति में पाए गए। मौके से आपत्तिजनक सामग्री और चार मोबाइल फोन भी बरामद किए गए।
पुलिस ने मौके से मुख्य आरोपी महिला रानी देवी सहित आशीष कुमार पाण्डेय और फूलो खान को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि उक्त मकान रानी देवी का है, जो पिछले कुछ समय से अपने सहयोगी आशीष पांडे के साथ मिलकर इस रैकेट का संचालन कर रही थी।
जांच में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी महिलाओं को काम दिलाने के बहाने बाहरी राज्यों से देहरादून बुलाते थे और उनकी मजबूरियों का फायदा उठाकर उनसे देह व्यापार करवाते थे। ग्राहकों को फंसाने के लिए व्हाट्सएप के माध्यम से महिलाओं की तस्वीरें भेजी जाती थीं, इसके बाद फोन पर रेट और मिलने का स्थान तय किया जाता था। आशीष पांडे का काम महिलाओं को ग्राहकों तक पहुंचाना था, जिसके बदले उसे मोटा कमीशन मिलता था।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ कोतवाली कैंट में अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस तरह के अवैध धंधों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही रेस्क्यू की गई पीड़ित महिलाओं को आवश्यक सहायता और संरक्षण उपलब्ध कराया जा रहा है।




