खबर रोजाना
Trending

उत्तराखंड में बारिश का भयंकर अलर्ट,चारधाम यात्रा में सतर्कता बरतने के निर्देश

देहरादून: उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने 28 और 29 जुलाई को राज्य के कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। देहरादून समेत कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने कुछ क्षेत्रों में फ्लैश फ्लड की चेतावनी भी जारी की है।

आईएमडी के अनुसार अगले दो दिनों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में तेज बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं हो सकती हैं। लगातार बारिश के चलते भूस्खलन, पहाड़ों से चट्टान गिरने, नदी-नालों के उफान और निचले इलाकों में जलभराव का खतरा बढ़ गया है।

चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं से मौसम की स्थिति को देखते हुए अनावश्यक यात्रा से बचने और यात्रा से पहले मौसम की जानकारी लेने की अपील की गई है। प्रशासन ने यात्रियों और स्थानीय लोगों को संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।

मौसम विभाग की चेतावनी के बाद राज्य और जिला आपदा नियंत्रण केंद्रों को 24×7 अलर्ट मोड पर रखा गया है। सभी जिलों को राहत एवं बचाव संसाधन तैयार रखने तथा आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे मौसम विभाग द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करें,नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूरी बनाए रखें तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल स्थानीय प्रशासन या आपदा नियंत्रण कक्ष से संपर्क करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button